प्रतिष्ठित कारोबारी पत्रिका फोर्ब्स की अन्वेषकों (Innovators), मनोरंजन करने वालों (Entertainers) और उद्यमियों (Entrepreneurs) की साल 2022 के लिए अंडर 30 सूची जारी की है। इस सूची में कई भारतीय अमेरिकी शख्सियतों को भी जगह मिली है। पत्रिका के अनुसार इस सूची में शामिल किए गए लोग अगले दशक की परिभाषा तय करने वाले लोग हैं। 600 लोगों की इस सूची में 24.4 फीसदी लोग प्रवासी हैं जो 50 अलग-अलग देशों से आते हैं। इनमें से आधे लोग अश्वेत हैं।

ये 24 फीसदी लोग ऐसी कंपनियों के संस्थापक और सह संस्थापक हैं जो सामूहिक रूप से एक अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक की राशि एकत्र कर चुकी हैं। इन सभी ने साल 2021 में हमारे सामने आई चुनौतियों से निपटने में अहम भूमिका निभाई है। इन चुनौतियों में कोरोना महामारी, इसकी वजह से आई आपूर्ति श्रंखला में बाधा आदि शामिल हैं। इन्होंने ऐसी कंपनियों की स्थापना की है जो दुनिया भर में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं और वैश्विक प्रगति में अहम योगदान दे रही हैं।