दक्षिण अफ्रीका से 5 साल में 50 चीते लाए जाएंगे भारत, पहली खेप अगले महीने आएगी

नामीबिया के बाद अब दक्षिण अफ्रीका से चीते भारत लाए जाएंगे। दोनों देशों के बीच इस संबंध में शुक्रवार को समझौता हुआ। पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के मुताबिक सरकार की योजना है कि अगले 8 से 10 साल तक सालाना 12 चीतों को लाया जाए। 12 चीतों का पहला जत्था दक्षिण अफ्रीका से अगले महीने फरवरी में भारत पहुंचेगा।

नवंबर 2022 में मोदी सरकार नामीबिया से 8 चीते लाने में कामयाब रही।

भारत सरकार के पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने बताया कि दोनों देशों के बीच इस संबंध में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इसका मकसद भारत में चीतों की आबादी को फिर से बहाल करना है। वैसे तो सरकार अगले 8 से 10 साल तक हर साल 12 चीतों को लाना चाहती है लेकिन एमओयू की शर्तों की प्रासंगिकता सुनिश्चित करने के लिए हर पांच साल में इसकी समीक्षा की जाएगी।