Skip to content

खली से लेकर कविता तक, WWE में इन रेसलरों ने दिखाई भारत की ताकत

सौरव गुर्जर और वीर महान WWE के रिंग में महाकाल की तरह त्रिपुंड तिलक लगाकर उतरते हैं। धार्मिक प्रवृत्ति के वीर महान रिंग में उतरने से पहले हनुमान चालीसा पढ़ते हैं, जबकि सौरव भारत के टीवी सीरियल में काम कर चुके हैं। कविता दलाल WWE रिंग जॉइन करने वाली पहली भारतीय महिला हैं।

द ग्रेट खली ने WWE के रिंग में उतरने के लिए भारतीय पहलवालों को किया है प्रेरित। (फाइल फोटो)

दिलीप सिंह राणा यानी कि WWE के सरताज द ग्रेट खली जिन्हें कभी असामान्य हाइट की वजह से बचपन में मोची से स्पेशल जूते बनवाकर पहनना पड़ता था, लेकिन 7.1 फुट के इस भारतीय ने अपनी हाइट को अपनी कमजोरी नहीं बनने दी, बल्कि WWE का खिताब जीतकर कई भारतीय रेसलरों के पथ प्रदर्शक बन गए। वह WWE खिताब जीतने वाले पहले भारतीय हैं और 2021 में उन्हें WWE हॉल ऑफ फेम से नवाजा गया था, वहीं उनकी प्रेरणा का ही असर है इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर कई भारतीय अपना जलवा दिखा चुके हैं। आज हम उन्हीं रेसलर की बात करेंगे।

कविता ने साउथ एशियन गेम्स में भारत का किया है प्रतिनिधित्व।

कविता : साउथ एशियन में गोल्ड से WWE तक का सफर

कविता दलाल WWE रिंग जॉइन करने वाली पहली भारतीय महिला हैं।  वह 2017 में इस अंतरराष्ट्रीय रेस्लिंग कंपनी से जुड़ी थीं। WWE रिंग में उन्हें कविता देवी के नाम से जाना जाता है। भारत के हरियाणा की रहने वाली कविता ने इससे पहले 2016 में साउथ एशियन गेम में भी हिस्सा लिया था और 75 किलोग्राम भार वर्ग में उन्होंने भारत को स्वर्ण पदक दिलाया था।

ग्रेट खली के रिश्तेदार भी हैं जिंदर।

जिंदर: खली के रिश्तेदार, रिंग के उस्ताद

जिंदर महल यानी युवराज सिंह दहेसी भारतीय मूल के कनाडाई रेसलर हैं जो 2010 में WWE से जुड़े। वह WWE में भारतीय मूल के अब तक के सबसे सफल पहलवान माने जाते हैं। उन्होंने वर्ल्ड चैम्पियनशिप और यूएस चैम्पियनशिप अपने नाम की है। जिंदर, द ग्रेट खली के रिश्तेदार हैं  और वह उनके साथ भी काम कर चुके हैं।

त्रिपुंड तिलक लगाकर रिंग में उतरते हैं वीर महान।

वीर महान: हनुमान चालीसा पढ़कर उतरते हैं रिंग में

भारत के उत्तर प्रदेश निवासी रिंकू सिंह राजपूत अब रिंग में वीर महान के नाम से जाने जाते हैं।  प्रोफेशनल बेस बॉल प्लेयर रिंकू 2008 में WWE से जुड़े थे। रिंकू अनोखे पोशाक और हुलिए की वजह से रिंग में आकर्षण का केंद्र बने रहते हैं। माथे पर भगवान शिव की तरह त्रिपुंड तिलक लगाकर, लंबे बाल और दाढ़ी में जब वीर महान रिंग में उतरते हैं तो यह भारत की संस्कृति की याद दिलाते हैं। धार्मिक प्रवृत्ति के वीर महान रिंग में उतरने से पहले हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं।

भारतीय टेलीविजन का भी जाना-माना चेहरा हैं सौरव गुर्जर।

सौरव गुर्जर: महाभारत के भीम बने हैं रेसलिंग के किंग

सौरव गुर्जर ने 2011 में रेस्लिंग में अपने करियर की शुरुआत की थी और करीब 9 साल के बाद WWE से जुड़े और उन्होंने वीर महान के साथ जोड़ी बनाई। दोनों ही रिंग में त्रिपुंड तिलक लगाकर उतरते हैं। मध्य प्रदेश के ग्वालियर के रहने वाले सौरव किक बॉक्सिंग चैम्पियन भी रह चुके हैं। अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी ताकत का प्रदर्शन कर चुका यह रेस्लर टेलीविजन का भी जाना-माना चेहरा है। सौरव ने 2013 में स्टार प्लस के महाभारत सीरियल में भीम और संकटमोचन महाबली हनुमान में रावण के की भूमिका निभा चुके हैं।

Comments

Latest