विशेष सम्मान! 4 भारतीय अमेरिकी महिला कारोबारी फोर्ब्स-2023 की सूची में

प्रतिष्ठित फोर्ब्स की 2023 की अमेरिका की 100 सबसे सफल महिलाओं की सूची में चार भारतीय अमेरिकी महिला कारोबारियों को जगह दी गई है। इनमें जयश्री उल्लाल, नीरजा सेठी, नेहा नरखेड़े और इंदिरा नूई शामिल हैं। सबसे सफल भारतीय अमेरिकी महिलाओं में एरिस्टा नेटवर्क्स की 62 साल की सीईओ और अध्यक्ष जयश्री उल्लाल 2.2 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 15 वें स्थान पर हैं। समग्र सूची में एबीसी सप्लाई की 76 साल की डायने हेंड्रिक्स 15 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ शीर्ष पर हैं। आइए जानते हैं अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाली इन चार भारतीय मूल की अमेरिकी महिलाओं के बारे में:-

जयश्री उल्लाल (रैंक: 15 ) सीईओ और अध्यक्ष, एरिस्टा नेटवर्क्स : सिलिकॉन वैली की इंजीनियर और सिस्को की दिग्गज रहीं जयश्री उल्लाल 2008 में कंप्यूटर नेटवर्किंग कंपनी एरिस्टा नेटवर्क्स में सीईओ के रूप में शामिल हुई थीं। उस वक्त कंपनी का कारोबार कोई खास नहीं था। इसके प्रॉडक्ट की कोई बिक्री नहीं थी।

जयश्री उल्लाल, सीईओ और अध्यक्ष, एरिस्टा नेटवर्क्स। फोटो : @ForbesIndia

अब जयश्री के नेतृत्व में सार्वजनिक रूप से कारोबार करने वाली इस कंपनी ने 2022 में राजस्व में 4.4 बिलियन डॉलर की कमाई दर्ज की है। यह आपूर्ति श्रृंखला चुनौतियों के बावजूद पिछले वर्ष से 48 प्रतिशत अधिक है। अरिस्टा इस साल एआई-आधारित नेटवर्क सेवाओं का एक नया कारोबार लॉन्च करने की योजना बना रहा है। 2.2 बिलियन डॉलर संपत्ति की मालकिन जयश्री उल्लाल अमेरिका के साराटोगा, कैलिफोर्निया में रहती हैं।

नीरजा सेठी, आईटी आउटसोर्सिंग। फोटो : @indianeagle

नीरजा सेठी (रैंक: 25), आईटी आउटसोर्सिंग : नीरजा सेठी और इनके पति भरत देसाई की मुलाकात आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) में काम करने के दौरान हुई थी। उन्होंने 1980 में मिशिगन के ट्रॉय अपार्टमेंट में आईटी सेवा कंपनी सिंटेल की शुरुआत की थी। 2018 में उन्होंने इसे फ्रांसीसी आईटी फर्म एटोस एसई को 3.4 बिलियन डॉलर में बेच दिया था। नीरजा 990 मिलियन डॉलर संपत्ति की मालकिन हैं। वह फिशर आइलैंड, फ्लोरिडा में रहती हैं।

नेहा नरखेड़े, सह-संस्थापक, ओसिलार। फोटो : @ForbesIndia

नेहा नरखेड़े (रैंक: 50) सह-संस्थापक, ओसिलार : सॉफ्टवेयर इंजीनियर से उद्यमी बनीं नेहा नरखेड़े ने मार्च में फ्रॉड का पता लगाने वाली कंपनी ओसिलर को बनाने की घोषणा की थी। उन्होंने 2021 में अपने पति के साथ 20 मिलियन डॉलर के साथ व्यवसाय की शुरुआत की। वह इस कंपनी की सीईओ है। वह पहले डेटा-स्ट्रीमिंग सॉफ्टवेयर फर्म कॉन्फ्लुएंट की सह-संस्थापक और पूर्व मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी थीं। यह कंपनी 2021 में 9.1 बिलियन डॉलर के मूल्यांकन पर सार्वजनिक हुई थी। नेहा 520 मिलियन डॉलर की मालकिन हैं और पालो अल्टो, कैलिफोर्निया में रहती हैं।

इंदिरा नूई, पेप्सिको की पूर्व सीईओ। फोटो : @ForbesIndia

इंदिरा नूई (रैंक: 77), पेप्सिको की पूर्व सीईओ: इंदिरा अमेरिका की 50 सबसे बड़ी कंपनियों में से एक पेप्सिको को चलाने वाली पहली आप्रवासी महिला हैं। वह 2018 में पेप्सिको के सीईओ के रूप में और उन भूमिकाओं में कई वर्षों तक काम करने के बाद 2019 में कंपनी की प्रेसिडेंट के रूप में सेवानिवृत्त हुईं। फिलहाल अमेजन और हेल्थ टेक फर्म फिलिप्स की निदेशक नूई पिछले साल नवंबर में डॉयचे बैंक के नए वैश्विक सलाहकार बोर्ड में शामिल हुई थीं।350 मिलियन डॉलर की मालकिन नूई अमेरिका के ग्रीनविच सीटी में रहती हैं।