अपनी मातृभूमि पहुंचने वाले हैं युद्धग्रस्त सूडान से बचाए गए 360 भारतीय

अफ्रीकी देश सूडान में 72 घंटे के युद्धविराम पर सहमति के बीच भारत अपने नागरिकों को तेज गति से निकालने में जुटा हुआ है। खबर लिखे जाने तक भारत ने तीन जत्थों में कुल मिलाकर 534 नागरिकों को सुरक्षित निकाल लिया था। भारत के विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने जानकारी देते हुए बताया कि इनमें से 360 भारतीय राजधानी दिल्ली के उड़ान में बैठ चुके हैं।

मुरलीधरन ने ट्वीट में लिखा कि जेद्दाह हवाईअड्डे पर 360 भारतीयों को नई दिल्ली के लिए उड़ान भरते हुए देखकर मुझे खुशी हो रही है। वे जल्द ही अपने परिवारों से मिलने के लिए मातृभूमि पहुंचेंगे। ऑपरेशन कावेरी के तहत सरकार सूडान से भारतीय नागरिकों को निकालने और उन्हें सुरक्षित घर लाने के लिए अथक प्रयास कर रही है।

बता दें कि भारतीय नौसेना और भारतीय वायु सेना के विमानों द्वारा कई जत्थों में भारतीय नागरिकों को निकाला जा रहा है। भारत ने सबसे पहले सूडान पोर्ट से INS सुमेधा के जरिए 278 भारतीयों को निकाला था। इसके बाद भारतीय वायु सेना के IAF C-130 J विमानों के जरिए 121 और 135 की संख्या के दो जत्थे निकाले थे। अब भारत निजी वाहकों की भी मदद लेने में लगा हुआ है। भारतीयों की सुरक्षित निकासी के लिए भारत से जेद्दा तक चार्टर उड़ानें संचालित करने की प्लानिंग है। भारत की कम लगात वाले वाहक इंडिगो ने ऑपरेशन कावेरी में शामिल होने की पेशकश की है।

इंडिगो के एक अधिकारी ने मीडिया को बताया कि हमने सूडान से हमारे नागरिकों के लिए भारत सरकार के ऑपरेशन कावेरी बचाव मिशन के तहत जेद्दा के लिए चार्टर उड़ानों के लिए अपनी सेवाओं की पेशकश की है। हम अभी भी इन उड़ानों को शुरू करने के लिए मंत्रालय से विवरण की प्रतीक्षा कर रहे हैं। अभी तक कुछ भी पुष्टि नहीं की गई है।