शानदार: ब्रिटिश अकादमी बुक प्राइज के लिए नंदिनी व मंजापरा शॉर्टलिस्ट

वर्ष 2023 के ब्रिटिश अकादमी बुक प्राइज के लिए भारतीय मूल के दो लेखकों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। इस साल वैश्विक सांस्कृतिक समझ के लिए ब्रिटिश अकादमी पुरस्कार प्रदान किया जा रहा है।

पुरस्कार के लिए शॉर्टलिस्ट दुनिया भर से छह लेखकों के नामों को रखा गया है। इनमें भारतीय मूल की नंदिनी दास और क्रिस मंजापरा शामिल हैं। नंदिनी ब्रिटेन में जबकि क्रिस अमेरिका में रहते हैं। 25 हजार पाउंड की इनामी राशि वाले इस पुरस्कार की घोषणा 31 अक्टूबर को लंदन में की जाएगी।

भारत में जन्मी नंदिनी दास को 'कोर्टिंग इंडिया: इंग्लैंड, मुगल इंडिया एंड द ओरिजिन्स ऑफ एम्पायर' किताब के लिए चुना गया है। वहीं भारतीय और अफ्रीकी मूल के मांजपरा को 'ब्लैक घोस्ट ऑफ एम्पायर: द लॉन्ग डेथ ऑफ स्लेवरी' के लिए लिस्ट में जगह दी गई है। 40 वर्षीय नंदनी दास ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में अंग्रेजी संकाय में प्रारंभिक आधुनिक साहित्य और संस्कृति की प्रोफेसर हैं। उनका पालन-पोषण भारत में हुआ है। इंग्लैंड जाने से पहले उन्होंने कोलकाता के जादवपुर विश्वविद्यालय में पढ़ाई की।

उनकी शॉर्टलिस्ट किताब की तारीफ करते हुए जजों ने कहा कि खूबसूरती से लिखी गई यह किताब 1600 के दशक की शुरुआत में भारत में इंग्लैंड के पहले राजनयिक मिशन की कहानी बताती है व्यापक परिदृश्य के साथ सूक्ष्म विवरण पेश करती है। करीब 40 वर्ष के मंजापरा कनाडा में पले-बढ़े हैं और अब बोस्टन, मैसाचुसेट्स में नॉर्थ ईस्टर्न यूनिवर्सिटी में इतिहास व वैश्विक अध्ययन के स्टर्न्स ट्रस्टी प्रोफेसर हैं।

उनकी चयनित पुस्तक को लेकर जजों ने अपनी टिप्पणी में कहा कि संयमित जुनून के साथ लिखी गई यह पुस्तक 19वीं शताब्दी में गुलामी के औपचारिक उन्मूलन के साथ मुक्ति की झूठी सुबह का एक विस्तृत और परेशान करने वाला विवरण पेश करती है। शॉर्टलिस्ट किए गए अन्य लेखकों में फ्रांस के डैनियल फोलियार्ड, स्पेन के आइरीन वैलेजो, यूके की पत्रकार तानिया ब्रैनिगन और अमेरिका के मानव विज्ञानी दिमित्रिस ज़ायगालाटस शामिल हैं।