एक मंच पर दिखेगी प्राचीन और नए भारत की ताकत, GSA India Expo 15 दिसंबर से

जीएसए इंडिया @75 एक्सपो 2022 (GSA India @75 Expo 2022) का आगाज 15 दिसंबर को सुबह 10 बजे होगा। इलिनोय के नेपरविले के शेरटन होटल में तीन दिन तक चलने वाले इस कार्यक्रम में भारत में आजादी के बाद से आए परिवर्तनों को एक शीर्ष वैश्विक अर्थव्यवस्था के तौर पर विकास और तरक्की के नजरिए से प्रदर्शित किया जाएगा।  

आयोजन की थीम मेड इन इंडिया मेड फॉर द वर्ल्ड रखी गई है। इसे शिकागो के भारतीय-अमेरिकियों की अनोखी पहल कहा जा रहा है। इस एक्सपो में प्राचीन और नए भारत को ट्रेड शो के जरिए एक मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा।

कार्यक्रम में दैनिक वर्कशॉप और भारतीय राज्यों में निवेश के लिए शुरुआती जानकारी सत्र भी आयोजित होंगे। इसके अलावा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी होगा। इन कार्यक्रमों में डांस, म्यूजिक, मेडिटेशन, योग, आयुर्वेद और वास्तु पर विचार-विमर्श भी होगा।

एक्सपो का उद्घाटन शिकागो में भारत के महावाणिज्य दूत एंबेसडर सोमनाथ घोष और कांग्रेस सदस्य डैनी के डेविस करेंगे। इस दौरान कई स्थानीय शख्सियतों समेत सामुदायिक नेता व राजनीतिक प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।

कार्यक्रम की आयोजक टीम को भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से सराहना मिला है। इंडियन काउंसिल ऑफ कल्चरल रिलेशंस ने भी इस एक्सपो को एक शानदार पहल बताया है। इस दौरान एक वैश्विक नेता के रूप में भारत की नई भूमिका और पर्यटन की बेहतरीन संभावनाओं पर भी चर्चा की संभावना है।

जारी बयान में बताया गया कि एक्सपो का असर कई तरह से देखने को मिलेगा। एक आम अमेरिकी को भारत के आकार, विविधता, समावेशिता और बहुलतावाद को देखने और समझने का मौका मिलेगा। उन्हें यह भी पता चलेगा कि बीते समय में भारत ने कृषि, उद्योग व आर्थिक क्षेत्र में किस तरह बेहतरीन प्रगति करते हुए नए आयामों को छुआ है।