Skip to content

100 करोड़ वैक्सीन लगने पर प्रवासियों ने कहा 'भारतीय होने पर गर्व है हमें'

भारत समेत दुनिया भर में रह रहे भारतीय मूल के लोग भी इस सफलता से न सिर्फ खुश हैं बल्कि गर्व भी महसूस कर रहे हैं। इंडियन स्टार हिंदी ने कुछ प्रतिष्ठित भारतीय प्रवासियों से इस मौके पर बात की। जानिए उन्होंने क्या कहा।

भारत ने टीकाकरण अभियान शुरू होने के लगभग नौ महीनों में 21 अक्टूबर को सफलतापूर्वक वैक्सीन की 100 करोड़ डोज लगा दी हैं। भारत में चलाए जा रहे दुनिया के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान की बदौलत भारत ने न सिर्फ इस उपलब्धि को हासिल किया है बल्कि दुनिया में भारत का कद और भी मजबूत हुआ है।

भारत समेत दुनिया भर में रह रहे भारतीय मूल के लोग भी इस सफलता से न सिर्फ खुश हैं बल्कि गर्व भी महसूस कर रहे हैं। इंडियन स्टार हिंदी ने कुछ प्रतिष्ठित भारतीय प्रवासियों से इस मौके पर बात की। जानिए उन्होंने क्या कहा।

हिंदूपैक्ट के कार्यकारी निदेशक उत्सव चक्रवर्ती

हिंदूपैक्ट के कार्यकारी निदेशक और वाशिंटन डीसी में शहरी विकास ​परियोजनाओं में 20 साल से काम कर रहे उत्सव चक्रवर्ती ने कहा कि भारत ने इतने कम समय में वैक्सीन की 1 बिलियन खुराक दी हैं जो न केवल कुशल नेतृत्व का परिणाम है बल्कि इस महामारी से निपटने के लिए भारतीयों की प्रेरणा का एक प्रमाण भी है। इस उपलब्धि का सकारात्मक प्रभाव न केवल भारत में देखने को मिलेगा बल्कि पूरे क्षेत्र में दिखाई देगा।

वर्जीनिया के गवर्नर के लिए ग्लेन यंगकिन के एएपीआई अध्यक्ष पुनीत अहलूवालिया

वर्जीनिया के गवर्नर के लिए ग्लेन यंगकिन के एएपीआई अध्यक्ष पुनीत अहलूवालिया ने भारत के इस शानदार उपलब्धि को लेकर कहा कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई में भारतीयों और सभी मेहनती स्वास्थ्य कर्मियों को बधाई जिन्होंने इस महामारी से लड़ने, हराने और आम लोगों की रक्षा करने के लिए जी जान से मेहनत की। जिस तरह दिवाली का त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत को लेकर मनाया जाता है वैसे यह एक बड़ी ऐतिहासिक उपलब्धि भारत को दीवाली पर मिली है। एक गर्वित भारतीय अमेरिकियों के रूप में हम भारत के साथ और अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के साथ भी मजबूती से खड़े हैं।

जयपुर फुट यूएसए के अध्यक्ष प्रेम भंडारी

जयपुर फुट यूएसए के अध्यक्ष प्रेम भंडारी ने कहा कि भारत ने वो कर दिखाया है जो दुनिया के विकसित देश नहीं कर पाए। केंद्र सरकार के कुशल प्रबंधन के साथ साथ भारत के हेल्थ वर्कर्स और फ्रंट लाइन वर्कर्स का भी योगदान अहम है जिन्होंने इस लक्ष्य को हासिल करने में पूरी मेहनत की है। जहां जागरुकता की कमी थी वहां घर घर जाकर लोगों को डोज लगवाने के लिए प्रेरित करना आसान काम नहीं है। मैं भारत की सरकार, भारत के हेल्थ वर्कर्स और फ्रंट लाइन वर्कर्स के साथ सभी भारतीयों को बधाई देता हूं।

​विश्व हिंदू परिषद अमेरिका के महासचिव अमिताभ वीडब्लयू मित्तल

अमेरिका के चिगाओलैंड क्षेत्र में रहने वाले, न्यूयॉर्क लाइफ में वि​त्तीय सलाहकार और ​विश्व हिंदू परिषद अमेरिका के महासचिव अमिताभ वीडब्लयू मित्तल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सक्षम नेतृत्व में भारत प्रगति कर रहा है और कई क्षेत्रों में अग्रणी है। यह एक गर्व का पल है कि इतने कम समय में भारत ने वैक्सीन की 1 बिलियन डोज दीं। यह मौजूदा प्रशासन के दृढ़ संकल्प और नैतिकता को साबित करता है। भारत के चिकित्सा के इतिहास से जुड़ा यह दुनियाभर में फैले भारतीय मूल के गर्व का क्षण है।

Comments

Latest