भारत की बॉलीवुड फिल्मों की एक विशेषता रही है कि उसमें भावनाओं का वेग बड़ी तीव्रता से फिल्माया जाता है। बॉलीवुड की इमोशनल फिल्मों ने देश-विदेश में खूब नाम कमाया है। वक्त के साथ साथ सिनेमा लाउड होता गया तो उसका फ्रेम भी बढ़ गया। विदेशों में शूटिंग का चलन तेजी से बढ़ा है। यह एक अलग परिकल्पना है। वहां के टूरिस्ट प्वाइंट दर्शकों को दिखाकर उन्हें रिझाया जाए। लेकिन भारत में भी ऐसे बहुत से स्थल या टूरिस्ट प्वांइट रहे हैं, जो जब-तब बॉलीवुड निर्माताओं को रिझाते रहे हैं। इनमे शहर भी हैं, खास स्थल भी हैं तो अन्य ऐसे स्थान भी जहां जाना आसान नहीं है। ऐसे स्थल जब सिनेमा पर आते हैं तो दर्शकों को लगता है कि वह वही विचरण कर रहा है। हम आपको दिखा रहे हैं सिनेमा को प्रभावित करते भारत के दस विशेष स्थल।
पैंगोंग झील, लद्दाख

आपने '3 इडियट्स' फिल्म देखी है तो उसमें आखिर में दिखाई गई झील या 'जब तक है जान' फिल्म में शाहरुख जिस खूबसूरत जगह पर अनुष्का शर्मा को बचाते हैं, उसने आपका ध्यान जरूर खींचा होगा। ये वही लद्दाख की पैगोंग झील है। पिछले कुछ सालों में ये झील काफी मशहूर हुई है। मुश्किल हालात के बावजूद, पैंगोंग झील की खूबसूरती बहुत लुभाती है।
रोहतांग दर्रा, हिमाचल प्रदेश

'हाईवे', 'जब वी मेट' और 'देव डी' जैसी कई लोकप्रिय बॉलीवुड फिल्मों में इस जगह की सुंदरता को खूबसूरती के साथ दिखाया गया है। फिल्मी पर्दे पर बर्फ से ढके इस दर्रे की झलक देखने के बाद बहुत से लोग खुद अपनी आंखों से इसका दीदार करने के लिए खुद को रोक नहीं पाते और यहां का लुत्फ उठाने के लिए आते हैं।
मनाली
मनाली बहुत से लोगों का पसंदीदा टूरिस्ट डेस्टिनेशन है। ऋषि कपूर की फिल्म 'हिना' के बरसों बाद बेटे रणबीर कपूर की फिल्म ये 'जवानी है दीवानी' की शूटिंग भी यहीं हुई थी। इस जगह की खूबसूरती को तमाम फिल्मकारों ने अपने कैमरों में कैद किया है। मनाली के बर्फ से लकदक पहाड़, हरे-भरे जंगल और नदियां हर किसी के मन में बस जाते हैं।
उदयपुर पैलेस, राजस्थान
फिल्मी पर्दे पर उदयपुर की खूबसूरती देख किसी का भी मन यहां के नजारे देखने के लिए मचल सकता है। उदयपुर पैलेस शाही शानो-शौकत और राजसी ठाठ-बाट की खूबसूरत निशानी का बेजोड़ नमूना है। 'राम लीला' और 'ये जवानी है दीवानी' जैसी फिल्मों ने उदयपुर की शाही विरासत से जुड़े स्थलों की छवि लोगों के दिलो-दिमाग पर छापने में बड़ी भूमिका रही है।
कोलकाता
'सिटी ऑफ जॉय' कोलकाता के कई पर्यटक स्थल दर्शकों को अपनी तरफ खींचते रहे हैं। 'कहानी' और 'विक्की डोनर' जैसी फिल्मों में यहां के दुर्गा पूजा समारोह को खूबसूरती से फिल्माया गया है, वहीं 'बर्फी' फिल्म में ट्राम की सवारी हर किसी का दिल जीत लेती है।
इंडिया गेट, नई दिल्ली

फिल्मों में जब दिल्ली की बात हो और इंडिया गेट न दिखाया जाए तो कुछ अधूरा सा लगता है। 'दिल्ली 6', 'रॉकस्टार', '3 इडियट्स' और 'रंग दे बसंती' जैसी तमाम फिल्मों में दिल्ली को खूबसूरती के साथ दिखाया गया है। फिल्मों में इंडिया गेट के सीन दर्शकों को इस ऐतिहासिक स्थल की तरफ खींच लाते हैं।
गुलमर्ग, कश्मीर

कश्मीर के साथ बॉलीवुड का रोमांस बहुत पुराना है। आज तक ये जगह बॉलीवुड की पसंदीदा जगहों में से एक है। इसके भव्य सिनेमाई दृश्य लोगों के दिलो-दिमाग पर छप से जाते हैं। 'हैदर', 'हाइवे' और 'रॉकस्टार' जैसी कई फिल्मों ने कश्मीर को हमारे दिलों के और करीब ला दिया है।
मुंबई
मुंबई को प्यार से 'सपनों का शहर' कहा जाता है। 'तलाश: द आंसर लाइज विदइन', 'धूम', 'स्लमडॉग मिलियनेयर', 'वेक अप सिड' और 'मुन्ना भाई MBBS' जैसी कई फिल्में यहां फिल्माई गईं। फिल्मों में ये शहर इतनी बार दिखाया गया है कि भले ही आप पहले कभी यहां नहीं गए हों, लेकिन आपको ये शहर अनजान नहीं लगेगा।
मुन्नार, केरल

मुन्नार अपनी प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण की वजह से फिल्म निर्माताओं की पसंदीदा जगहों में से एक रहा है। चेन्नई एक्सप्रेस और लाइफ ऑफ पाई जैसी हिट फिल्मों के कुछ हिस्सों की शूटिंग यहीं हुई थी। केरल का मुन्नार सिर्फ अपने तटों के लिए ही प्रसिद्ध नहीं है, यहां की खूबसूरती किसी का भी मन मोह लेगी।
नाहरगढ़ किला, जयपुर

पिंक सिटी जयपुर अपने खूबसूरत स्मारकों और वास्तुकला की वजह से फिल्मकारों और पर्यटकों के बीच हमेशा से लोकप्रिय रहा है। हवा महल के अलावा शहर की एक और खास चीज है, जिस पर बॉलीवुड निर्माता फिदा रहते हैं, वो है नाहरगढ़ का किला। 700 फुट की ऊंचाई पर स्थित यह किला हमें 'रंग दे बसंती' और 'बोल बच्चन' के मशहूर दृश्यों की याद दिलाता है।